- आतंकी हमले के खिलाफ पत्रकारों का विरोध प्रदर्शन
- गांधी प्रतिमा पर पत्रकारों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
- निर्दोष पर्यटकों की हत्या पर गहरा आक्रोश
लखनऊ। पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या के खिलाफ नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे), उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में बुधवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों पत्रकारों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व एनयूजे यूपी के प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना ने किया। इस दौरान पत्रकारों ने मौन श्रद्धांजलि देकर मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। साथ ही, आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर नारेबाजी की।
सरकार बड़ा कदम उठाए, पत्रकार समाज उसके साथ
एनयूजे यूपी अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना ने कहा, “भारत सरकार को आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। देश की जनता और पत्रकार समुदाय सरकार के साथ खड़ा है।” संगठन के संरक्षक के. बक्श सिंह ने प्रधानमंत्री से आतंकियों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने की अपील की। वहीं, एनयूजे स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के संरक्षक अजय कुमार ने केंद्र सरकार से आतंकी घटनाओं पर शून्य सहिष्णुता की नीति लागू करने की मांग की।
आतंकियों को सबक सिखाने का वक्त आ गया
लखनऊ जिलाध्यक्ष आशीष मौर्य और महामंत्री पद्माकर पांडेय ने कहा, “निर्दोष लोगों की हत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ गया है।” इस अवसर पर एनयूजे (आई) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रमोद गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार आलोक श्रीवास्तव, डॉ. अतुल मोहन सिंह, अशोक शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने सरकार से आगे आकर आतंकवाद के खिलाफ मजबूत नीति बनाने की मांग की। साथ ही, शहीद पर्यटकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।








