- रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
- सिर कूंचकर की गई हत्या
- परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
- आरोपी फरार, तलाश जारी
- पुलिस जांच में जुटी
कानपुर। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक लोडर चालक की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। युवक सुबह घर से टॉयलेट जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव डिग्गी तालाब के पास रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान साईपुरवा निवासी साहिल के रूप में हुई है। वह पेशे से लोडर चालक था। सुबह करीब 9 बजे घर से निकलने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब 11 बजे उसका शव रेलवे लाइन के किनारे मिला।
थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि परिजनों ने इलाके के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के परिजनों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच के साथ उसकी तलाश जारी है।









