कानपुर में डंपर से टकराई कार, सेना के जवान की मौत

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

  • महाकाल दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा
  • तेज रफ्तार कार डंपर में पीछे से घुसी
  • सेना के नायक ऑपरेटर अजय कुमार की मौत
  • चार अन्य लोग घायल, बच्चे को हैलट रेफर

कानपुर। कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में महाकाल दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में भारतीय सेना के नायक ऑपरेटर अजय कुमार (36) की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा सचेंडी क्षेत्र में ओरियंट रिसॉर्ट के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महाकाल दर्शन से लौट रहा था परिवार

परिजनों ने बताया कि अजय कुमार भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान में कोलकाता में सेवा दे रहे थे। छुट्टी पर घर आने के बाद वह पत्नी और बच्चों के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन करने गए थे।

शुक्रवार तड़के उरई स्टेशन पहुंचने के बाद उनके चचेरे भाई संदीप कार से उन्हें घर लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

डंपर चालक फरार

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायलों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से घायल बच्चे राघव को पैर में गंभीर चोट लगने के कारण हैलट अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button