KGMU में ऑक्सीजन सप्लाई ठप, 15 से ज्यादा ऑपरेशन टले

दीवार गिरने से टूटी पाइपलाइन- जमीन धंसने से ढही दीवार, ऑक्सीजन सपोर्ट वाले मरीजों की बिगड़ी हालत

लखनऊ। KGMU के ट्रॉमा सेंटर के पास बुधवार सुबह जमीन धंसने से एक दीवार ढह गई। दीवार का मलबा पास में लगी लिक्विड ऑक्सीजन की पाइपलाइन पर जा गिरा, जिससे पाइपलाइन टूट गई। इसके बाद शताब्दी भवन के कई वार्डों में ऑक्सीजन की आपूर्ति अचानक बंद हो गई।

ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती मरीजों की हालत बिगड़ने की आशंका से अस्पताल में हड़कंप मच गया। एक साथ कई मरीजों को सांस लेने में परेशानी होती देख डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तत्काल सक्रिय हो गया।

सिलेंडर से मरीजों को दी गई ऑक्सीजन

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की। ऑक्सीजन सपोर्ट वाले मरीजों को तत्काल सिलेंडर के जरिए ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई। समय रहते वैकल्पिक इंतजाम होने से मरीजों की स्थिति संभाल ली गई और तीमारदारों ने भी राहत की सांस ली।

15 से ज्यादा ऑपरेशन टले

ऑक्सीजन सप्लाई प्रभावित होने का असर मरीजों के इलाज पर भी पड़ा। ऑक्सीजन व्यवस्था बाधित होने के कारण 15 से अधिक मरीजों के ऑपरेशन टालने पड़े। अब इन ऑपरेशन को शनिवार को कराने की तैयारी की जा रही है।

सामान्य तौर पर KGMU में शनिवार को इमरजेंसी को छोड़कर अन्य ऑपरेशन थिएटर बंद रहते हैं। हालांकि, ऑपरेशन का बैकलॉग खत्म करने के लिए इस बार शनिवार को भी ऑपरेशन थिएटर संचालित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button