
- जालसाजों ने झांसा देकर ठगी की, पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी
- 17 लाख रुपये की ठगी, बैनामा न होने पर पीड़ित ने पुलिस में दी शिकायत
- जहांगीरगंज में जमीन की धोखाधड़ी का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
अम्बेडकरनगर। एक शख्स ने 20 बिस्वा जमीन बेचने का झांसा देकर 17.39 लाख रुपये ऐंठ लिए। पैसे लेने के बाद न तो उसने जमीन का बैनामा किया और न ही रकम वापस लौटाई। पीड़ित के जोर देने पर उसे जान से मारने की देकर भगा दिया गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धीरे-धीरे ऐंठे पैसे
जहांगीरगंज के रामबाग निवासी मोहम्मद जुनैद ने पुलिस को शिकायत में बताया कि हाजीपुर निवासी भरतलाल और उसके बेटे दिग्विजय ने जुलाई 2023 में उनके घर आकर दावा किया कि उन पर कर्ज चल रहा है और जमीन नीलाम होने वाली है। इसलिए वे 20 बिस्वा जमीन बेचने को तैयार हैं। जुनैद ने कहा कि उनके पास तुरंत पूरी रकम नहीं थी, तो आरोपियों ने किस्तों में पैसे लेने का प्रस्ताव रखा और बाद में जमीन लिखवाने का वादा किया।
इसके बाद आरोपियों ने तीन लाख रुपये नकद लिए और शेष 14.39 लाख रुपये जुनैद ने अपने आईसीआईसीआई बैंक (टांडा शाखा) के खाते से दिग्विजय के एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर किए।
बैनामा नहीं किया, धमकाया
जुनैद ने बताया कि कई महीनों तक उन्होंने आरोपियों से जमीन का बैनामा कराने की गुहार लगाई, लेकिन वे टालमटोल करते रहे। 24 मार्च को जब उन्होंने कटघर चौराहे के पास फिर से पैसे या जमीन वापस करने की मांग की, तो आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
निराश होकर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की। जहांगीरगंज थाना प्रभारी अजय यादव ने बताया कि जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ जांच चल रही है। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।








