
25 दिसंबर को पीएम मोदी का लखनऊ दौरा
नगर आयुक्त ने अटल बिहारी प्रेरणा स्थल व संपर्क मार्गों का किया निरीक्षण
बंधा रोड और घैला पुल क्षेत्र में सफाई तेज’
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 दिसंबर को प्रस्तावित लखनऊ दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शहर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अटल बिहारी प्रेरणा स्थल और आसपास के संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तय समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत नगर आयुक्त ने बंधा रोड से की। उन्होंने सड़क की नियमित सफाई के साथ-साथ बंधा रोड से सटे प्लाटों की गहन सफाई सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान पूरा क्षेत्र स्वच्छ और सुव्यवस्थित नजर आए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद घैला पुल क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने घैला पुल की सफाई के साथ-साथ अवंती बाई चौराहा और जॉगर्स पार्क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही इन क्षेत्रों से जुड़े सभी प्लाटों की सफाई 17 दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूरी कराने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कार्यक्रम स्थल पर टॉयलेट और पेयजल की व्यवस्था
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-6 के जोनल अधिकारी को निर्देशित किया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल टॉयलेट, पेयजल के लिए पानी के टैंकर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।








