अंबेडकरनगर। कानून की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लीगल सेंस इंडिया की ओर से निःशुल्क विधिक इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस पहल का नेतृत्व संस्था के संस्थापक और युवा विधि छात्र अत्रि तिवारी कर रहे हैं।
संस्था के अनुसार, इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को कानूनी अनुसंधान, केस स्टडी, ड्राफ्टिंग, न्यायिक निर्णयों के विश्लेषण, विधिक लेखन और कानूनी जागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक अध्ययन के साथ-साथ कानून के व्यावहारिक पक्ष से भी जोड़ना है।
अत्रि तिवारी ने बताया कि कई विधि छात्रों को पढ़ाई के दौरान पर्याप्त व्यावहारिक अनुभव नहीं मिल पाता। ऐसे में यह कार्यक्रम उन्हें कानूनी प्रक्रियाओं और शोध कार्यों को समझने का अवसर देगा। इससे छात्रों के पेशेवर कौशल को विकसित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि लीगल सेंस इंडिया पिछले कुछ समय से विभिन्न माध्यमों के जरिए कानूनी जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में अब विधि छात्रों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे।
युवाओं के कौशल विकास पर फोकस
इस पहल का उद्देश्य विधि छात्रों को शोध, लेखन और कानूनी विश्लेषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर उन्हें भविष्य की पेशेवर चुनौतियों के लिए तैयार करना है।









