
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के बड़े मामले को लेकर चर्चा में है। डीआरआई और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने बैंकॉक से आए एक यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है।
खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध यात्री को एयरपोर्ट पर रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके सामान से करीब 12 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस नशीले पदार्थ को वैक्यूम-सील्ड पैकेटों में बेहद चालाकी से छिपाकर लाया गया था ताकि उसकी गंध बाहर न जा सके और जांच एजेंसियों को शक न हो।
बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़
जांच एजेंसियों का कहना है कि बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। बताया जा रहा है कि हाइड्रोपोनिक वीड एक बेहद महंगा नशीला पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल बड़े शहरों की हाई-प्रोफाइल पार्टियों और रेव कल्चर में किया जाता है।
फिलहाल गिरफ्तार यात्री से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में एजेंसियों को शक है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के लिए कूरियर का काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।









