रंगदारी न देने पर युवक की बेरहमी से पिटाई

4 नामजद समेत 8-10 लोगों पर केस की मांग।

लखनऊ। राजधानी के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि 8 से 10 लोगों ने उसे घेरकर लाठी, रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

मोहम्मदपुर मजरा निवासी अखिलेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे वह बजरंग चौराहे से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चेतराम, रितिक रावत, सूरज रावत, करन रावत समेत अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया।

पीड़ित के मुताबिक, होश आने पर उसने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज कराया गया।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि चेतराम काफी समय से उससे हर महीने 10 हजार रुपये रंगदारी मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। डर के कारण उसने पहले पुलिस से शिकायत नहीं की।

पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button