- लखनऊ पश्चिम में 4.29 करोड़ की लागत से बनीं 8 सड़कों का लोकार्पण
- प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने किया उद्घाटन, भाजपा नेता नीरज सिंह भी रहे मौजूद
- मंत्री बोले: सड़कें विकास की रीढ़, राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हो रहा शहर का विकास
लखनऊ। लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री व लखनऊ के प्रभारी सुरेश खन्ना ने यहां 4 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से बनी 8 सड़कों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा नेता नीरज सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंत्री खन्ना ने कहा, “लखनऊ को स्वच्छता में देश का नंबर वन शहर बनाना है। इसके लिए हर स्तर पर तेजी से काम हो रहा है। यह सब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन से संभव हो पा रहा है।”
उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवाजाही का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि यह स्थानीय व्यापार, रोजगार और सामाजिक विकास की रीढ़ भी होती हैं। लोकार्पित सड़कें क्षेत्रवासियों के लिए सुविधाएं बढ़ाएंगी।
स्वदेशी को बताया गर्व की बात
सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का समर्थन करते हुए कहा, “हमें अपने देश में बनी वस्तुओं को अपनाना चाहिए और उस पर गर्व करना चाहिए। मोदी जी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”
सरकार की विकास योजनाएं आम जनता तक पहुँच रही हैं और इसका प्रत्यक्ष लाभ लोगों को मिल रहा है।








