
गौतमखेड़ा गांव के नाले में बोरे में मिला महिला का शव
6-7 दिन पुराना बताया जा रहा, पहचान नहीं हो सकी
दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब गौतमखेड़ा गांव के नाले में एक बोरे में बंद महिला का शव मिला। बोरे से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकलवाया।
बोरे से आ रही थी तेज दुर्गंध, खुलने पर हुआ खुलासा
गांव के बाहर बहने वाले नाले में एक बोरा बहता देख राहगीरों को शक हुआ। दुर्गंध बढ़ने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बोरा बाहर निकलवाया तो अंदर करीब 35-40 वर्ष की महिला का सड़ा-गला शव मिला। बोरे का मुंह रस्सी से कसकर बांधा गया था।
पहचान नहीं हो पाई, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस के मुताबिक शव करीब 6-7 दिन पुराना है। महिला ने लाल छींटदार सूट और काला-मटमैला सलवार पहन रखा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। न तो शव से कोई पहचान पत्र मिला और न ही गांव में किसी ने पहचान की।
शव की तस्वीर आसपास के जिलों में भेजकर गुमशुदा महिलाओं की सूची से मिलान कराया जा रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।








