तीसरी संतान बनी नौकरी जाने की वजह, मध्यप्रदेश में सब रजिस्ट्रार बर्खास्त

सिंगरौली के अधिकारी पर कार्रवाई, सरकारी सेवा के दौरान तीसरी संतान होने पर लिया गया फैसला

भोपाल। मध्यप्रदेश में तीसरी संतान के आधार पर एक सरकारी अधिकारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। पंजीयन विभाग के आईजी अमित तोमर ने सिंगरौली में पदस्थ सब रजिस्ट्रार अशोक सिंह परिहार को सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश गुरुवार को जारी हुआ, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सार्वजनिक हुई।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में घोषणा की थी कि दो से अधिक संतान होने के आधार पर किसी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के करीब 48 घंटे बाद यह आदेश सामने आने से मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह परिहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी कि शासकीय सेवा में रहते हुए उनकी तीसरी संतान का जन्म हुआ। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया और फिर मामले की विभागीय जांच शुरू की।

जांच के लिए वरिष्ठ जिला पंजीयक जबलपुर पवन अहिरवार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सब रजिस्ट्रार को बर्खास्त करने का फैसला लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, तीसरी संतान संबंधी प्रावधान के तहत किसी अधिकारी के खिलाफ की गई यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अशोक सिंह परिहार की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button