
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बड़ा हादसा टला
चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त फिसली बुजुर्ग महिला
हाथ ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसा
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त एक बुजुर्ग महिला का पैर फिसल गया और उनका हाथ ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फंस गया। महिला पहिए के नीचे जाने ही वाली थी, तभी ड्यूटी पर तैनात RPF जवान ने तत्परता दिखाते हुए उनकी जान बचा ली।
यह घटना रात करीब 2 बजे प्लेटफार्म नंबर 5 पर हुई, जब मगध एक्सप्रेस पटना के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान अनवर जहां अपने दोनों बेटों के साथ ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थीं। ट्रेन के पायदान से पैर फिसलने के कारण वह मुंह के बल गिर पड़ीं और उनका हाथ प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच फंस गया।
घटना के समय वहां मौजूद RPF कॉन्स्टेबल विनोद यादव की नजर महिला पर पड़ गई। उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत महिला को बाहर खींच लिया, जिससे वह ट्रेन के पहियों के नीचे आने से बच गईं। पूरी घटना महज तीन सेकेंड में घटित हुई, जो स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, अनवर जहां कानपुर के मेस्टन रोड इलाके में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति इकबाल कुरैशी कुछ दिन पहले पटना गए थे, जहां बुधवार शाम उनका निधन हो गया था। पति के जनाजे में शामिल होने के लिए ही वह अपने बेटों के साथ पटना जा रही थीं।









