
लखनऊ: राजधानी में गौतमपल्ली थाने पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। थाने के SHO रत्नेश सिंह समेत पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाने के पुलिसकर्मियों पर एक युवक से करीब ढाई लाख रुपये की वसूली का आरोप लगा था। इस मामले की जांच पुलिस कमिश्नर द्वारा कराई गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले बंदरियाबाग चौकी इंचार्ज एक युवक को पकड़कर थाने लाए थे, जहां उससे कथित तौर पर रकम वसूली गई। मामले के सामने आने के बाद शुक्रवार को पूरे थाने पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं, गौतमपल्ली थाने की नई जिम्मेदारी अब विपिन सिंह को सौंपी गई है।
सीएम आवास क्षेत्र से जुड़े थाने पर इस तरह की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।








