अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने अपना इस्तीफा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को भेज दिया है। ट्रस्टी नृपेंद्र मिश्रा ने भी दोनों के इस्तीफे की जानकारी मिलने की पुष्टि की है।
इससे पहले गुरुवार देर रात पुलिस ने चंपत राय के करीबी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है, जहां पुलिस उनकी 14 दिनों की रिमांड की मांग करेगी।
मामले में पहली एफआईआर गुरुवार शाम ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज की गई। हालांकि, इस एफआईआर में चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और ट्रस्ट के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
चढ़ावा चोरी के मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर के लिए एक करोड़ रुपये और चार किलो चांदी की ईंट दान की थी, लेकिन वर्षों बाद भी ट्रस्ट की ओर से उसकी रसीद नहीं दी गई। उन्होंने पूछा कि चांदी की ईंट आखिर कहां गई और अब जवाबदेही तय होनी चाहिए।
वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रामलला के दर्शन करने के बाद कहा कि जिन्होंने यह महापाप किया है, उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दर्ज की गई एफआईआर केवल दिखावा है और बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।









