ढोलबजवा में बड़ी चोरी से सनसनी

टेंट कारोबारी के घर से नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

अंबेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र के बहिगवा जोगीपुर (ढोलबजवा) गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक टेंट कारोबारी के घर को निशाना बनाते हुए नकदी, स्वर्णाभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिग्विजय यादव नारायण टेंट हाउस के संचालक हैं। उनके अनुसार, रात के दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और कमरों में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो घर के भीतर सामान बिखरा मिला और अलमारियों के ताले टूटे हुए पाए गए।

सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी

पीड़ित दिग्विजय यादव ने बताया कि चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ बड़ी मात्रा में नकदी भी उठा ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन परिवार द्वारा सूची तैयार किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

चोरी की सूचना मिलते ही आलापुर थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक अरुण सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घर का निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button