अंबेडकरनगर में मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास से मना:मंदिरों में पूजन-अर्चन

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले में गुरुवार को मकर संक्रांति का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घरों में पूड़ी-पकवान के साथ विशेष रूप से खिचड़ी बनाई गई। टांडा के महादेवा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और स्नान कर धार्मिक पूजा-अर्चना की। जिले के विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने महादेवा घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला मुख्यालय के कई स्थानों पर खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खिचड़ी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने पूजन-अर्चन के साथ ही स्नान-दान कर भगवान सूर्य की विशेष आराधना की।

शिवबाबा और सम्मनपुर नानहू यादव बालिका इंटर कॉलेज, मछली गांव में भी खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मकर संक्रांति पर्व को खिचड़ी पर्व के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस तिथि के बाद से दिन बड़े और रातें छोटी होने लगती हैं। पर्व के मद्देनजर बाजारों में चिउरा, लाई और तिलवा आदि की बिक्री पिछले कई दिनों से खूब चल रही थी। कुछ क्षेत्रों में बुधवार को ही मकर संक्रांति का पर्व मना लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button