
नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को नेशनल हेराल्ड मामले पर दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया।
खड़गे ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस सिर्फ राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि नेशनल हेराल्ड अखबार की स्थापना 1938 में स्वतंत्रता सेनानियों ने की थी, लेकिन भाजपा CBI और ED जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करके कांग्रेस नेताओं और खासकर गांधी परिवार को बदनाम कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई, लेकिन किसी की शिकायत मात्र से जांच शुरू कर दी गई। खड़गे ने जोर देकर कहा, “सत्यमेव जयते। कल कोर्ट का फैसला न्याय के हित में आया। यह फैसला PM नरेंद्र मोदी और अमित शाह के लिए थप्पड़ जैसा है।”
दिल्ली के कोर्ट ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ED की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। ED की चार्जशीट में कांग्रेस नेताओं पर AJL की ₹2,000 करोड़ की संपत्तियों पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया था।








