अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद की ओर से नाली निर्माण के बाद मरम्मत नहीं होने से शहजादपुर-मालीपुर रोड स्थित मानस नगर कॉलोनी में जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। नाली कई जगह टूट गई है। इससे मोहल्ले से निकलने वाला पानी आगे नहीं जा पा रहा और खाली प्लाट में जमा हो रहा है। स्थानीय निवासी रीता देवी ने नाली की मरम्मत कराकर जलनिकासी बहाल कराने की मांग की है।
रीता देवी, पत्नी अनिल चतुर्वेदी, ने बताया कि उनके मकान के पास नगर पालिका की ओर से नाली बनवाई गई थी। आगे जाकर नाली अवरुद्ध हो गई है। कई स्थानों पर नाली टूटने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। मोहल्ले का पानी उनके मकान के पीछे स्थित खाली प्लाट में जमा हो रहा है।
उनका कहना है कि जमा पानी मकान की नींव तक पहुंच रहा है, जिससे दीवारों में सीलन की समस्या पैदा हो रही है। इससे मकान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। रीता देवी ने अकबरपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी से नाली की मरम्मत कराने और पानी की निकासी सुचारु करने की मांग की है।









