अंबेडकरनगर। टांडा पुलिस ने मंगलवार को रसूलपुर स्थित रहमान की बगिया के पास सड़क किनारे जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,160 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि रहमान की बगिया के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए।
अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छज्जापुर निवासी जमालुद्दीन और फारुख, मीरानपुरा निवासी शहाबुद्दीन और मोहम्मद रहीम, नेहरूनगर निवासी राजेश कनौजिया तथा अलीगंज के अलहदादपुर निवासी मोहम्मद एखलाक के रूप में हुई है।
इंस्पेक्टर दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।









