अंबेडकरनगर।टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत अजमेरी बादशाहपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। घटना बीते 7 फरवरी की रात की बताई जा रही है, जब महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई। मामले में मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रात तीन बजे हुई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेरी बादशाहपुर निवासी नीतू (30) पत्नी अनूप माझी की रात करीब तीन बजे मौत हो गई। परिजन नीतू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंचे मायके वाले
मौत की जानकारी मिलने पर नीतू के मायके पक्ष के लोग भी सीएससी टांडा पहुंचे। मृतका की मां लीलावती ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि नीतू की मौत सामान्य नहीं है और उसे घर वालों ने मार डाला है। मायके पक्ष ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने पर टांडा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पति को हिरासत में लेकर पूछताछ
कोतवाली प्रभारी दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए नीतू के पति अनूप माझी को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।








