लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका\

नगराम के देवती गांव में विस्फोट से मकान ढहा, 2 घायल अस्पताल में भर्ती

लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम देवती में सोमवार को एक लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट के बाद फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा मकान पूरी तरह ढह गया और ईंटें चारों ओर बिखर गईं।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, हादसे के समय मकान के अंदर गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था, जिससे विस्फोट और अधिक भीषण हो गया। हालांकि फैक्ट्री गांव के बाहर स्थित होने के कारण आसपास घनी आबादी नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना में दो लोग घायल हुए हैं। 22 वर्षीय मारिया पुत्री मोहम्मद इस्लाम को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं 16 वर्षीय मोहित को मामूली चोटें आई हैं।

विस्फोट की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह फैक्ट्री ग्राम देवती निवासी मोहम्मद सफीक की लाइसेंसधारी इकाई थी।

पुलिस ने बताया कि अभी विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। हादसे के बाद आसपास के गांवों से लोग मौके पर जुट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button