दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोलवा थाना क्षेत्र में ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, बस में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के करीब 40 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे में छह यात्रियों की मौत आग की चपेट में आने से, जबकि दो अन्य की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।
7 शवों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट
हादसा इतना भयावह था कि आग में झुलसने से कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने बताया कि सात मृतकों की पहचान DNA परीक्षण के जरिए कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बस में आग कैसे लगी, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि टक्कर के तुरंत बाद बस में इतनी तेजी से आग कैसे फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
इसी बीच स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया है कि बस के स्टोरेज बॉक्स (डिक्की) में सिगरेट से भरे कई कार्टन रखे हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि आग बुझाने के दौरान ये बॉक्स दिखाई दिए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आग तेजी से फैलने की एक वजह यह भी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
‘इमरजेंसी गेट नहीं खुला, यात्री बस में फंस गए’
दौसा के विधायक दीनदयाल बैरवा ने हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद बस का इमरजेंसी एग्जिट गेट नहीं खुला, जिसके कारण कई यात्री समय रहते बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आ गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घायलों ने सुनाई हादसे की दर्दनाक कहानी
बस में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि यह बस हंस ट्रेवल्स की थी, जो मंगलवार शाम करीब 5 बजे ऋषिकेश से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों के अनुसार, ट्रेलर से टक्कर के कुछ ही क्षण बाद बस में आग लग गई और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई।









