मुर्गी फार्म में भीषण आग, हजारों मुर्गियां जलकर खाक

जहांगीरगंज के जमलूपुर गांव में देर रात आग से मचा हड़कंप, भारी नुकसान का अनुमान

अम्बेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के जमलूपुर गांव में देर रात एक मुर्गी फार्म में भीषण आग लग गई। इस हादसे में हजारों मुर्गियां और फार्म में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना से फार्म मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 3 बजे सचिन सिंह के मुर्गी फार्म में हुई। आग अचानक लगी और तेजी से फैलते हुए पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया। फार्म की क्षमता करीब 5000 मुर्गियों के पालन की बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने किया आग बुझाने का प्रयास

आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण ग्रामीणों के प्रयास सफल नहीं हो सके।

ग्रामीणों का आरोप है कि दमकल विभाग को सूचना दिए जाने के बाद भी गाड़ी मौके पर करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची।

देरी पर उठे सवाल, नुकसान बढ़ा

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आग लगने का कारण अज्ञात

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मौके पर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button