लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र में कन्वेंशन सेंटर के पास शुक्रवार देर रात एक गत्ते के डिब्बे में सात दिन की नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पीआरवी, गाजीपुर थाना पुलिस और सर्वोदय नगर चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब गत्ते का डिब्बा खोला तो उसमें नवजात बच्ची कॉटन के बीच सुरक्षित रखी हुई मिली। बच्ची ने गुलाबी रंग का टॉप और डायपर पहन रखा था।
पुलिस के अनुसार रात करीब 11:40 बजे नवजात बच्ची मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद बच्ची को तत्काल पुलिस संरक्षण में लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। प्राथमिक जांच में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ पाई गई है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है। बच्ची को वहां छोड़कर जाने वाले व्यक्ति या परिजनों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नवजात की देखभाल और संरक्षण के लिए संबंधित विभागों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस जल्द से जल्द बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ही उसकी जान बचाई जा सकी। समय रहते सूचना मिलने के कारण नवजात को सुरक्षित बचा लिया गया।









