कानपुर। बुधवार तड़के शहर के बाकरगंज बाजार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि करीब दो किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार नजर आया। देखते ही देखते आग ने करीब 70 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि आग में कपड़े, किराना और गारमेंट की दुकानें जलकर खाक हो गईं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कारोबारियों को करीब 3.5 से 4 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। किदवई नगर, मीरपुर, कर्नलगंज, फजलगंज, लाटूश रोड और जाजमऊ सहित कई फायर स्टेशनों की टीमों ने मिलकर आग बुझाने में करीब तीन घंटे तक मशक्कत की। रास्ता संकरा होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सीधे बाजार के अंदर नहीं जा सकीं, जिससे राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। आग पर काबू पाने के दौरान फायर टीम को साउथ एक्स मॉल से 17 बार पानी भरना पड़ा।
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि बाबूपुरवा पुलिस से सुबह 5:15 बजे फजलगंज मिनी कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि बाजार में लगी आग तेजी से फैल रही थी। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।
कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष मो. अमीन उर्फ मुन्ना ने बताया कि यह बाजार करीब 100 साल पुराना है और बीते 20 सालों में यहां 8 बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। आखिरी बार 2017 में आग लगी थी। इससे पहले 23 अप्रैल 2012 को हुए भीषण अग्निकांड में 200 से अधिक दुकानें जल गई थीं।








