बेकाबू क्रेटा ने छीनी दो युवकों की जान

लखनऊ। लखनऊ में सोमवार देर रात आईआईएम रोड पर आरसे लॉन के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रही बेकाबू क्रेटा ने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर सामने से आ रही डिज़ायर कार में भिड़ गई। तेज टक्कर के बाद डिज़ायर कार एक बस से जा टकराई और बस आगे खड़ी KUV से भिड़ गई। सड़क पर कुछ ही सेकंड में चार वाहन हादसे की चपेट में आ गए।

कैसे हुआ हादसा?

रात करीब 12 बजे इंटीग्रल यूनिवर्सिटी की ओर से आ रही क्रेटा अचानक अनियंत्रित हो गई। आगे चल रही बाइक को टक्कर मारने के बाद वह सीधे डिज़ायर से टकरा गई। तेज रफ्तार की वजह से कारें उछल पड़ीं और एक-एक कर वाहन आपस में टकराते चले गए। वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

दो की मौत, दो घायल

हादसे में बाइक सवार राजकुमार (37) और मिथलेश (40) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कुर्सी रोड के निवासी थे और कैटरिंग का काम करते थे। घटना के समय वे शालीमार लॉन से काम खत्म कर घर लौट रहे थे।

क्रेटा में सवार राज कमल उर्फ राज मिश्रा और अभय मिश्रा घायल हो गए। कार राज कमल चला रहा था।

गनीमत: डिज़ायर में लगा CNG सिलेंडर नहीं फटा

डिज़ायर कार पूरी तरह पिचक गई। उसमें CNG सिलेंडर लगा था, लेकिन वह फटा नहीं, वरना हादसा और भयावह हो सकता था। बस और KUV वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

परिवार का आरोप—नशे में थे कार सवार

मृतक राजकुमार के भाई अवधेश कुमार ने आरोप लगाया कि क्रेटा सवार युवक शराब के नशे में थे। उनके मुताबिक, मौके पर ही कार से शराब की तेज गंध आ रही थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक युवक को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरे को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ से वह प्राइवेट अस्पताल चला गया।

परिवारों में मातम

राजकुमार की पत्नी अनीता के सिर से पति का साया उठ गया। उनके दो छोटे बच्चे—3 साल का बेटा और 8 साल की बेटी—अब पिता के बिना रह गए।
मिथलेश के भी तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button