जलालपुर, अम्बेडकर नगर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मौलाना आज़ाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, जलालपुर में भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई। पूरे विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधक मौलाना मोहम्मद खालिद क़ासमी ने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान, समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और अपनाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या गुलिस्तां अंजुम ने अपने संबोधन में अनुशासन, परिश्रम और देशप्रेम को जीवन का आधार बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां सशक्त समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव होती हैं। विद्यालय प्रभारी जमशेद इक़बाल ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन पर जोर दिया।








