
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। विकास खंड भियांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय चौहान की बस्ती में मीना मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर और किशोरियों को नशे से दूर रहने, आत्मरक्षा के प्रति सजग बनने और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का संचालन और सहभागिता
मीना मंच कार्यक्रम के सुगमकर्ता राजकरन प्रजापति रहे। कार्यक्रम के संचालन और सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राज बहादुर मिश्रा, शिक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, राजकरन प्रजापति और अरशद कमाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में विषयवस्तु समझाते हुए संवाद के माध्यम से जागरूक किया।
सोशल मीडिया और नशे के दुष्प्रभाव पर चर्चा
कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों में सोशल मीडिया के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित फिल्म ‘पावर’ का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से यह दिखाया गया कि किस प्रकार सोशल मीडिया के गलत प्रभाव और संगत के कारण किशोर नशे की ओर आकर्षित होते हैं। फिल्म प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें उनके सवालों का उत्तर देकर भ्रम दूर किया गया।
नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान बताए गए
कार्यक्रम के दौरान किशोर और किशोरियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला, शराब, ताड़ी और चरस जैसे नशीले पदार्थ न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि पढ़ाई, परिवार और समाज पर भी नकारात्मक असर डालते हैं।









