
मेरठ : मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली एक गुप्त फैक्ट्री का बड़ा खुलासा किया है। खरदौनी गांव में चल रही इस फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो तैयार तमंचे, एक अधबना तमंचा और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री बेहद शातिर तरीके से संचालित की जा रही थी। घर के अंदर बनी अलमारी के पीछे एक गुप्त रास्ता तैयार किया गया था, जो सीधे तहखाने तक जाता था। इसी तहखाने में अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालक इमरान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक बीसीए का छात्र भी शामिल है, जो कथित तौर पर हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार हथियार किन इलाकों में सप्लाई किए जाते थे और इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोग भी पुलिस की सतर्कता की सराहना कर रहे हैं।









