
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर में “स्कूल चलो अभियान 2026–27” को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की। इसमें शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में अधिकतम नामांकन और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए बैनर, होर्डिंग, हैंडबिल और प्रचार वाहनों का उपयोग किया जाएगा।
आंगनबाड़ी से जुड़ेंगे छोटे बच्चे
3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की मदद ली जाएगी। बच्चों की सूची तैयार कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कक्षा 5, 8 और 10 पास करने वाले छात्रों की सूची संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध कराने को कहा गया। ताकि अगली कक्षा में प्रवेश में कोई बाधा न हो।
निगरानी के लिए डिजिटल व्यवस्था
अभियान की प्रगति पर नजर रखने के लिए गूगल शीट तैयार की जाएगी। इसमें स्कूल और ब्लॉक स्तर पर रोजाना नामांकन की स्थिति दर्ज होगी। इससे काम की निगरानी आसान होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निपुण सम्मान समारोह में शिक्षकों को मिला सम्मान
बैठक के दौरान निपुण सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया।
निपुण असेसमेंट 2026 में जिले के 468 विद्यालयों को निपुण घोषित किया गया है। प्रत्येक विकासखंड से बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।








