
अंबेडकरनगर। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली जलालपुर में सर्राफा व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने की।
जीएसटी विभाग के समन्वय से हुई बैठक
बैठक का आयोजन जीएसटी विभाग के समन्वय से किया गया। इसमें जिले के सर्राफा व्यापारियों, संगठन पदाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उपायुक्त राज्य कर खंड-1 सुनील कुमार सिंह, उपायुक्त राज्य कर खंड-2 पशुपति प्रताप सिंह और सहायक आयुक्त राज्य कर रवींद्र कुमार मौजूद रहे।
अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
बैठक में बताया गया कि उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को गति देना, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना और सोने के आयात को नियंत्रित करना है।
अधिकारियों ने व्यापारियों से चर्चा के दौरान सुझाव दिया कि पुराने सोने को रिसाइकिल और री-डिजाइन करने को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए सोने की शुद्धता के आधार पर एक प्रतिशत अतिरिक्त छूट देने पर भी विचार साझा किया गया।
बुलियन बिक्री पर अपील
बैठक में 24 कैरेट खरा सोना (बुलियन) और सोने की ईंटों (बार) की बिक्री सीधे ग्राहकों को न करने की अपील की गई। इस पर व्यापारिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।
व्यापारियों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में उपस्थित सर्राफा व्यापारियों और संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि देशहित सर्वोपरि है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने में पूरा सहयोग किया जाएगा।









