
- स्वच्छ वातावरण समिति की वार्ड बैठक आयोजित
- कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी पर विस्तृत चर्चा
- सिंगल यूज़ प्लास्टिक बहिष्कार का आह्वान
अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर द्वारा रविवार को सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के अंतर्गत वार्ड संघतिया और अमरौला में स्वच्छ वातावरण वार्ड प्रोत्साहन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने की। इस दौरान समिति के नवगठित सदस्यों सहित स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। बैठक में जनजागरूकता को बढ़ावा देने, कचरा प्रबंधन की कार्यप्रणाली और नागरिक सहभागिता को केंद्र में रखते हुए विस्तृत चर्चा हुई।
स्वच्छता सिर्फ व्यवस्था नहीं, जीवनशैली का हिस्सा बने – ईओ ने दिया संदेश
बैठक की शुरुआत अधिशासी अधिकारी बीना सिंह द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की कार्यप्रणाली और उसमें नागरिकों की सक्रिय भूमिका को लेकर हुई। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था तभी सफल होगी जब हर घर इसका हिस्सा बने। उन्होंने गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करने की आवश्यकता पर ज़ोर देते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का सुझाव दिया। इस अवसर पर होम कंपोस्टिंग के लाभ, जैविक खाद निर्माण की प्रक्रिया, और पर्यावरणीय संतुलन में इसके महत्व को भी समझाया गया।
सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार, पर्यावरण के लिए ज़रूरी कदम
बैठक में ईओ ने बताया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक न केवल नालियों के जाम का कारण बनता है बल्कि यह धरती की उर्वरता और जल स्रोतों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने समिति के सदस्यों और नागरिकों से अपील की कि वे इस प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार करें और अपने मोहल्लों में भी दूसरों को इसके खिलाफ जागरूक करें।








