अंबेडकरनगर। वन महोत्सव के तहत शुक्रवार को वन विभाग की ओर से जनपद में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी जगदम्बिका प्रसाद के निर्देशन में सावित्री बाई फुले राजकीय इंटर कॉलेज, कुर्की बाजार में वृक्षारोपण, पौधों की बारात, ग्रीन चौपाल और आम भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
विधायक ने किया पौधारोपण, दिया संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित आम भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
‘पौधों की बारात’ रैली से फैला जागरूकता संदेश
वन महोत्सव की थीम ‘पौधों की बारात’ के तहत सावित्री बाई फुले राजकीय इंटर कॉलेज से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
लोग हाथों में पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आगे बढ़े। रैली पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीन चौपाल का आयोजन
वन विभाग की ओर से ग्राम सभा कुर्की (अकबरपुर), मोतीगपुर (बसखारी) और कटारिया (टांडा) में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
चौपालों में लोगों ने अपने गांवों को हरित और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।









