
- पुणे में मंत्री के हेलिकॉप्टर की गलत लैंडिंग
- हेलीपैड से 1 किमी दूर पार्किंग एरिया में उतरा
- कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे भुजबल
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में शनिवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब मंत्री छगन भुजबल का हेलिकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड की बजाय पार्किंग एरिया में उतर गया। यह लैंडिंग हेलीपैड से करीब एक किलोमीटर दूर पुरंदर इलाके में हुई।
जानकारी के अनुसार, छगन भुजबल महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पुणे पहुंचे थे। इसी दौरान किराए पर लिए गए हेलिकॉप्टर की लैंडिंग गलत स्थान पर कर दी गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों के सामने ही हेलिकॉप्टर उतारा गया। लैंडिंग के दौरान धूल का बड़ा गुबार उठा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मंत्री छगन भुजबल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पायलट ने गलत जगह लैंडिंग की, लेकिन सभी लोग सुरक्षित हैं। वहीं, पायलट, क्रू मेंबर या हेलिकॉप्टर कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, इस मामले की रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भेजी जाएगी और पायलट के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि हेलिकॉप्टर के लिए निर्धारित हेलीपैड पहले से तैयार था और क्रू मेंबर को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्देशों का पालन नहीं किया गया।









