- तीन आरोपी 40 घंटे की पुलिस रिमांड पर
- CCTV फुटेज में नोट जेब में रखते दिखे आरोपी
- ट्रस्ट के बड़े आयोजनों के खर्च की जांच शुरू
अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय को पुलिस ने 40 घंटे की रिमांड पर लिया है। बुधवार सुबह पुलिस टीम फैजाबाद जेल से तीनों आरोपियों को लेकर पुलिस लाइन पहुंची। SIT रिपोर्ट के अनुसार, तीनों आरोपी CCTV फुटेज में चढ़ावे के नोट जेब में रखते हुए दिखाई दिए हैं।
इधर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि चंपत राय से मिलने पहुंचे। चंपत राय रामकोट स्थित तीर्थ क्षेत्र पुरम में एकांतवास कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में जारी पत्र में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है।
वहीं SIT ने अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बड़े आयोजनों के खर्च की जांच भी शुरू कर दी है। जांच टीम 22 जनवरी 2024 की प्राण-प्रतिष्ठा और 25 नवंबर 2025 के ध्वजारोहण कार्यक्रम से जुड़े बिल और वाउचर खंगाल रही है। साथ ही अयोध्या पुलिस ने आरोपियों से जुड़े लोगों और कारोबारियों के यहां छापेमारी कर संपत्ति और भुगतान के स्रोत की जांच तेज कर दी है।









