दलित युवक से प्रेम करने पर नाबालिग बेटी की गला घोंटकर हत्या

बागपत। जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के पलड़ा गांव में 17 वर्षीय मुस्लिम नाबालिग लड़की की ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दलित युवक से प्रेम करने पर परिवार वालों ने बेटी को नलकूप पर बांधकर बेरहमी से पीटा और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद शव को बीमारी से मौत बताकर गांव के बाहर जमीन में दफना दिया गया।

हालांकि, जब दफनाते समय ग्रामीणों ने लड़की के गले और शरीर पर चोट के निशान देखे, तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद युवक के परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शनिवार को कब्र से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच तेज की।

15 जुलाई को प्रेमी संग भागी थी लड़की

जानकारी के अनुसार, गांव के ही सागर कश्यप (19) से नाबालिग सोनिया (17) का डेढ़ साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सागर अनुसूचित जाति से है, जबकि सोनिया का परिवार रसूखदार मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है। परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। 15 जुलाई को दोनों हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले भाग गए थे। यहां सागर ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था।

परिजन पीटते हुए वापस लाए, गांव में की सरेआम पिटाई

16 जुलाई को सोनिया के परिजन हिमाचल पहुंचकर दोनों को जबरन वापस ले आए। गांव लौटने के बाद दोनों को नलकूप पर बांधकर सरेआम पीटा गया। सागर को घायल हालत में उसके परिजनों को सौंपते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। सागर फिलहाल मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती है।

शादी की जिद पर उतारी मौत के घाट

परिजनों के सामने लड़की सागर से शादी की जिद पर अड़ी रही। इसी नाराजगी में 23 जुलाई को परिजनों ने फिर उसकी पिटाई की और गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में बीमारी से मौत बताकर शव को गांव के बाहर दफना दिया गया।

हत्या की कबूलनामा, शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया

शव दफनाते समय गले के निशान देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने सागर के परिजनों को सूचना दी। 24 जुलाई को युवक के परिवार ने बड़ौत कोतवाली में लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की।

25 जुलाई को पीड़ित परिवार ने एसपी सूरज कुमार राय से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और सोनिया के पिता वरीस व चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली।

रसूख का डर, चुप था युवक का परिवार

सागर के पिता रामपाल ने बताया कि लड़की का परिवार गांव में दबंग माना जाता है। दादा सपा से जुड़े रहे हैं, जिससे राजनीतिक पकड़ भी है। आरोपी परिवार आए दिन गांव में लोगों को धमकाता रहता है। इसी दबाव के चलते शुरुआत में हम चुप रहे, लेकिन बेटी की हत्या के बाद बेटे की जान बचाने के लिए पुलिस से मदद मांगी।

पुलिस का बयान

एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि आरोपी पिता और चाचा को हिरासत में लेकर हत्या, साजिश और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी के लिए 50 करोड़ का बजट

मुरादाबाद। प्रदेश सरकार के बजट में मुरादाबाद को बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।…

Continue reading
दीवान शुगर मिल में मजदूर की दर्दनाक मौत

मुरादाबाद। दीवान शुगर मिल में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसमें 32 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। गन्ने की पुलियां डालते समय…

Continue reading