अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में शुक्रवार को मिशन शक्ति फेस 5.0 के तहत जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े आवश्यक विषयों की जानकारी देना था। शिक्षा विभाग के निर्देशन में शिक्षिकाओं ने अलग–अलग सत्रों के माध्यम से बालिकाओं को उपयोगी जानकारियां प्रदान कीं।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रमों की प्रमुख कड़ी रही आपातकालीन और महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी कठिन परिस्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए वे नंबरों का उपयोग कर सकती है शिक्षिकाओं ने बताया कि ये नंबर छात्राओं को संकट की घड़ी में त्वरित और सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराते हैं तथा इनका सही उपयोग जानना अत्यंत आवश्यक है।
गुड टच–बैड टच पर विशेष सत्र
छात्राओं को आत्मरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के अंतर्गत गुड टच–बैड टच की विस्तृत जानकारी दी गई। इस सत्र में शिक्षिकाओं ने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार किसी भी संदिग्ध या असहज परिस्थिति को पहचाना जाए और तुरंत सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं। छात्राओं को जागरूक रहने, किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने और भरोसेमंद वयस्क से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विस्तृत चर्चा
मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में भी विस्तार से बताया गया। शिक्षिकाओं ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल जागरूकता ही नहीं बढ़ाती, बल्कि आत्मविश्वास भी मजबूत करती है। छात्राओं को पोषण, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी उपयोगी सुझाव दिए गए।








