
दुर्गापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुर्गापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर घुसपैठियों को बढ़ावा देने और राज्य की सुरक्षा व विकास को बाधित करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने 5000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
PM मोदी ने कहा कि TMC सरकार ने घुसपैठियों के पक्ष में एक पूरा इकोसिस्टम खड़ा कर दिया है, जो बंगाल, भारत और बांग्ला संस्कृति के लिए खतरा बन चुका है। उन्होंने दो टूक कहा कि, “जो भारत का नागरिक नहीं है और अवैध रूप से घुसा है, उस पर संविधान के तहत कार्रवाई होकर रहेगी।”
मोदी के संबोधन की मुख्य बातें:
मुर्शिदाबाद कांड पर उठाए सवाल: प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में हत्या जैसी घटनाओं पर भी पुलिस निष्क्रिय रहती है। “जब राज्य सरकार नागरिकों की जान और संपत्ति की रक्षा नहीं कर सकती तो निवेशक कैसे भरोसा करेंगे?”
अस्पतालों की सुरक्षा पर चिंता: पीएम ने दो घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि “बंगाल के अस्पतालों में बेटियों के साथ अत्याचार हो रहा है और TMC सरकार आरोपियों को बचाने में लगी है।”
विकास में बाधा बनी TMC: उन्होंने आरोप लगाया कि “TMC की सरकार बंगाल के विकास के रास्ते में दीवार बनकर खड़ी है। जिस दिन यह दीवार गिरेगी, असली परिवर्तन तभी आएगा।”
नीतियों में भ्रष्टाचारियों को प्राथमिकता: पीएम मोदी ने कहा कि राज्य की नीतियां भ्रष्टाचारियों के लिए बनाई जाती हैं। “युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के साथ जो कुछ हो रहा है, वह बेहद चिंताजनक है।”
बंगाल की औद्योगिक विरासत को दी श्रद्धांजलि: उन्होंने कहा कि यह भूमि देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ. बिधान चंद्र राय जैसे महान नेताओं की है। “बंगाल ने भारत की औद्योगिक नींव रखी थी, आज फिर इसे वापस खड़ा करने का समय है।”
वंदे भारत की रफ्तार का जिक्र: मोदी ने कहा कि “बंगाल उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं।” कोलकाता मेट्रो का भी विस्तार हो रहा है और रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है।
PM मोदी ने इन 5 प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत की:
BPCL शहरी गैस वितरण परियोजना (₹1,950 करोड़): बांकुरा और पुरुलिया जिले में घरों, दुकानों और उद्योगों को PNG और CNG कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
दुर्गापुर-कोलकाता गैस पाइपलाइन (₹1,190 करोड़): यह पाइपलाइन पूर्व वर्धमान, हुगली और नदिया जिलों से होकर गुजरेगी और “प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा” योजना के तहत बिछाई गई है।
FGD सिस्टम (₹1,457 करोड़): दुर्गापुर स्टील और रघुनाथपुर थर्मल पावर स्टेशनों में फ्लू-गैस डिसल्फराइजेशन सिस्टम से वायु प्रदूषण में कमी आएगी।
पुरुलिया-कोटशिला रेल लाइन दोहरीकरण (₹390 करोड़): 36 किमी लंबी रेललाइन के दोहरीकरण से जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, रांची और कोलकाता के बीच माल गाड़ियों की तेज आवाजाही संभव होगी।
दो रोड ओवर ब्रिज (₹380 करोड़): तोपसी और पांडबेश्वर में बने ROB से सड़क यातायात में सुधार होगा और रेल क्रॉसिंग पर हादसे कम होंगे।
छह साल बाद दुर्गापुर में मोदी की रैली
दुर्गापुर में पीएम मोदी की यह दूसरी रैली थी। इससे पहले वह 2 फरवरी 2019 को यहां आए थे, जब उन्होंने भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज किया था।








