अकबरपुर बस स्टेशन के स्थायी स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी

अंबेडकरनगर। अकबरपुर बस स्टेशन के वर्षों से लंबित स्थायी स्थानांतरण को लेकर अब ठोस पहल के संकेत मिले हैं। भाजपा नेता और नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने भरोसा दिलाया कि अकबरपुर बस स्टेशन के स्थायी स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी और इससे जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी।
बताया गया कि नए स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टेशन विकसित करने के साथ-साथ वर्तमान बस स्टेशन परिसर के भविष्य में जनहित में उपयोग को भी ध्यान में रखा जाएगा। विभागीय और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पूरी योजना पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।

वर्षों से लंबित है स्थानांतरण की मांग
अकबरपुर बस स्टेशन का वर्तमान स्थान लंबे समय से यातायात दबाव, सीमित जगह और अव्यवस्थित संचालन की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों की ओर से लगातार यह मांग उठती रही है कि बस स्टेशन को शहर के बाहर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, जहां यात्री सुविधाओं का विस्तार संभव हो सके। इस मुद्दे को विवेक मौर्य ने बीते वर्षों में कई बार परिवहन विभाग के समक्ष रखा है।

नए बस स्टेशन में होंगी आधुनिक सुविधाएं
बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि नए बस स्टेशन के निर्माण में यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखा जाएगा। बसों की सुगम आवाजाही, पर्याप्त प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, स्वच्छता, पार्किंग और विभागीय संचालन से जुड़ी सभी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की जाएगी। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि स्थानांतरण के दौरान परिवहन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button