हापुड़ में नगर पालिका विवाद: पूर्व चेयरमैन ने लगाए गंभीर आरोप, जांच की मांग

पालिका अध्यक्ष पति पर फाइलों और टेंडर में हस्तक्षेप के आरोप, श्रीपाल ने बताया सभी आरोप निराधार

हापुड़। हापुड़ नगर पालिका परिषद में विवाद गहरा गया है। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार मित्तल ने वर्तमान पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी के पति श्रीपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।

रविवार को ज्ञानलोक कॉलोनी स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सतीश मित्तल ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठाए। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था और पेयजल संकट को भी गंभीर मुद्दा बताया।

पूर्व चेयरमैन का आरोप है कि पालिकाध्यक्ष पति श्रीपाल नगर पालिका की फाइलों, टेंडर प्रक्रिया और अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि करोड़ों रुपये की नगर पालिका संपत्तियों से जुड़े मामलों में अनियमितताएं हुई हैं, जिससे कुछ मामलों में पालिका को नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार क्षेत्र के एक भूखंड को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि यह जमीन प्राधिकरण द्वारा कार्यालय परिसर के लिए आरक्षित थी, लेकिन नियमों के विपरीत इसका मानचित्र स्वीकृत कराया गया।

सतीश मित्तल ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ संपत्तियां बैंक में बंधक होने के बावजूद उन पर लेन-देन किया गया, जिससे कई लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने नगर पालिका की भूमि, तालाबों और सफाई व्यवस्था में वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की।

वहीं पालिकाध्यक्ष पति श्रीपाल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे बड़ों का सम्मान करते हैं और उन्होंने कभी भी अपने जीवन में कोई गलत कार्य नहीं किया है और न ही करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button