पटना। बिहार की राजधानी पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और कथित फायरिंग मामले में नया मोड़ आ गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी एक वीडियो में दावा किया गया है कि 2 मई की रात हुए विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड ने की थी।
ज्ञान बिंदु टीम के सदस्य आदर्श ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वीडियो जारी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और फायरिंग की साजिश खुद खान सर की ओर से रची गई थी। उनका कहना है कि वीडियो में कथित तौर पर फायरिंग की घटना दिखाई दे रही है, जबकि गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
आदर्श ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वीडियो में रौशन आनंद दिखाई नहीं दे रहे हैं, तो उनकी गिरफ्तारी क्यों की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और खान सर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इधर, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कोचिंग से जुड़े दो गार्डों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि 2 मई की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग के गार्ड के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे खान सर ने दावा किया था कि वहां 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई थी। हालांकि बाद में उन्होंने फायरिंग को लेकर अपने बयान में बदलाव किया था।









