
- NIA की राजस्थान समेत 4 राज्यों में बड़ी कार्रवाई
- अजमेर और नीमराना में भी हुई छापेमारी
- ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की साजिश का खुलासा
जयपुर/नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को राजस्थान समेत चार राज्यों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तान के ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ की जा रही है।
राजस्थान में अजमेर और नीमराना (बहरोड़-कोटपूतली) में NIA की टीमों ने केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी। इस दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और बड़ी संख्या में दस्तावेज तथा डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।
आतंकी हमलों की साजिश का शक
सूत्रों के अनुसार जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित नेटवर्क ड्रोन के जरिए भारत-पाक सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भेजने की साजिश में शामिल था।
एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों और धमाकों के लिए किया जाना था। इसी इनपुट के आधार पर NIA ने अलग-अलग राज्यों में एक साथ कार्रवाई शुरू की।
चार राज्यों में एक साथ छापेमारी
NIA की टीमें उत्तर प्रदेश में पांच, राजस्थान में दो, बिहार में दो और महाराष्ट्र में तीन स्थानों पर पहुंचीं। जांच एजेंसी जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच कर रही है।
इसके अलावा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क और फंडिंग एंगल की भी जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि NIA जल्द ही इस पूरे आतंकी मॉड्यूल और साजिश को लेकर बड़ा खुलासा कर सकती है।









