नितिन नवीन की नई टीम की पहली बैठक

चुनावी तैयारी और युवाओं पर फोकस- BJP की 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम ने संगठन मजबूत करने की रणनीति पर किया मंथन

 भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम के साथ पहली बैठक की। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में युवाओं को पार्टी से जोड़ने और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी

बैठक में पार्टी के जमीनी संगठन को और मजबूत करने पर मंथन हुआ। नेताओं ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, जनता से संपर्क मजबूत करने और सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की।

जेन-जी से संवाद के लिए बनी टीम

भाजपा ने जेन-जी यानी युवा पीढ़ी से जुड़ने के लिए विशेष टीम भी बनाई है। इसमें नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं।

पार्टी कार्यक्रमों के जरिए युवाओं की सोच, जरूरतों और समस्याओं को समझने के साथ उनसे सीधे संवाद करने की कोशिश करेगी।

बैठक से पहले गाए गए वंदे मातरम के सभी अंतरे

बैठक की शुरुआत से पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सभी छह अंतरे गाए गए। इसके बाद पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।

नितिन नवीन शनिवार दोपहर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे।

65 सदस्यीय टीम में 51 नए चेहरे

नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया गया था। नई टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है। इसमें 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आठ राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं।

अगले साल विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी टीम में जिम्मेदारी दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश के आठ, उत्तराखंड के चार, गुजरात के चार और पंजाब के दो नेता शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button