ट्रेंट के चेयरमैन पद से हटेंगे नोएल टाटा

AGM में किया ऐलान, नवंबर में 70 वर्ष के होंगे नोएल टाटा

मुंबई। टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट के चेयरमैन नोएल टाटा ने संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही कंपनी के चेयरमैन पद से हट जाएंगे। मंगलवार को आयोजित कंपनी की 74वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चेयरमैन के रूप में यह उनकी आखिरी वार्षिक आम बैठक होगी।

नोएल टाटा के नेतृत्व में ट्रेंट ने भारतीय रिटेल और फैशन उद्योग में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वेस्टसाइड और जूडियो जैसे लोकप्रिय फैशन ब्रांड्स को संचालित करने वाली यह कंपनी उनके कार्यकाल में बेंगलुरु के एक स्टोर से आगे बढ़कर देश की अग्रणी फैशन और लाइफस्टाइल कंपनियों में शामिल हो गई।

नोएल टाटा वर्तमान में टाटा संस के सबसे बड़े शेयरधारक संस्थान टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन भी हैं। उनकी अगुवाई में ट्रेंट ने देशभर में अपने स्टोर्स का तेजी से विस्तार किया और रिटेल सेक्टर में मजबूत पहचान बनाई।

इस साल नवंबर में नोएल टाटा 70 वर्ष के हो जाएंगे। कंपनी एक्ट 2013 के तहत किसी भी मैनेजिंग डायरेक्टर या पूर्णकालिक निदेशक को 70 वर्ष या उससे अधिक आयु होने पर पद पर बने रहने या पुनर्नियुक्त होने के लिए विशेष मंजूरी की आवश्यकता होती है। माना जा रहा है कि इसी नियम के तहत उनके पद छोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

हालांकि कंपनी की ओर से उनके उत्तराधिकारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। निवेशकों और उद्योग जगत की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि ट्रेंट के नेतृत्व की जिम्मेदारी आगे किसे सौंपी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button