त्रिलोकपुर जरी-जरदोजी क्लस्टर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

उत्पादन, डिजाइन और विपणन व्यवस्था की समीक्षा

अंबेडकरनगर के टांडा क्षेत्र स्थित त्रिलोकपुर में संचालित जरी-जरदोजी स्टिचिंग एंड एम्ब्रायडरी क्लस्टर का मंगलवार को अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण केंद्र और उत्पादन इकाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

टांडा एसडीएम डॉ. शशि शेखर, अकबरपुर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह और जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के सहायक उपायुक्त अजय शर्मा ने क्लस्टर में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने डिजाइनिंग, कारीगरी, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन व्यवस्था की जानकारी ली।

कारीगरों से बातचीत कर जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जरी-जरदोजी उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया को करीब से देखा। टीम ने कारीगरों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोगों से बातचीत कर प्रशिक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी भी ली।

अधिकारियों ने तैयार उत्पादों की डिजाइन और बारीक कारीगरी की सराहना की। साथ ही गुणवत्ता बनाए रखने और बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।

अन्य जिलों में भी भेजे जा रहे उत्पाद

क्लस्टर प्रबंधक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को उत्पादन प्रक्रिया और बाजार आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र में तैयार किए जा रहे जरी-जरदोजी उत्पाद स्थानीय बाजार के अलावा अन्य जिलों और क्षेत्रों में भी भेजे जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

स्कूल यूनिफॉर्म उत्पादन का दिया सुझाव

अकबरपुर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने निरीक्षण के दौरान केंद्र में जरी-जरदोजी कार्य के साथ स्कूल यूनिफॉर्म निर्माण शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग होगा और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button