पुराने ऑडिट का मानदेय अटका, नया सोशल ऑडिट शुरू

आठ महीने बाद भी भुगतान नहीं मिलने का दावा, बार-बार ब्लॉक के चक्कर लगाने को मजबूर सदस्य

अम्बेडकरनगर। विकासखंड जहांगीरगंज में सोशल ऑडिट टीम के सदस्यों ने मानदेय भुगतान में देरी को लेकर नाराजगी जताई है। सदस्यों का दावा है कि पिछले वर्ष किए गए ऑडिट कार्य का मानदेय अभी तक नहीं मिला है, जबकि वर्ष 2026 के लिए नई टीमों का गठन होने के साथ नया सोशल ऑडिट भी शुरू हो चुका है।

सोशल ऑडिट सदस्यों के अनुसार उन्हें ड्यूटी किए करीब आठ माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया। इससे टीम के सदस्यों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि मानदेय की स्थिति जानने के लिए उन्हें बार-बार ब्लॉक कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

मनरेगा और आवास योजनाओं की जांच की जिम्मेदारी

सोशल ऑडिट टीम का गठन ग्रामीण विकास योजनाओं की निगरानी के लिए किया जाता है। टीम के सदस्य मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों की जांच करते हैं। सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष का होता है और नियुक्ति जिला स्तर पर की जाती है।

सदस्यों का कहना है कि दो वर्ष के कार्यकाल में उन्हें सीमित संख्या में ऑडिट कार्य सौंपे जाते हैं। इसके बावजूद समय पर मानदेय भुगतान नहीं हो रहा है। उनका दावा है कि पिछले वर्ष के कुछ भुगतान भी काफी विलंब से प्राप्त हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button