लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर चल रहे कॉनकोर्स निर्माण कार्य के बीच रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पहले परिवर्तित मार्ग से संचालित की जा रही छह ट्रेनों का रूट बहाल कर दिया गया है। अब ये ट्रेनें फिर से अपने निर्धारित मार्ग से संचालित होंगी।
निर्माण कार्य के दौरान इन ट्रेनों को चारबाग स्टेशन के बजाय ऐशबाग और बादशाहनगर स्टेशन से होकर चलाया जा रहा था। रेलवे प्रशासन के निर्णय के बाद अब यात्रियों को पहले की तरह यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्त ने बताया कि 19053 सूरत–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 11079 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर एक्सप्रेस, 11080 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 15066 पनवेल–गोरखपुर एक्सप्रेस, 19201 भावनगर–अयोध्या कैंट एक्सप्रेस और 15030 पुणे–गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन अब सामान्य मार्ग से किया जाएगा।
हालांकि, चारबाग स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्य अभी जारी है। प्लेटफॉर्म नंबर चार पर निर्माण शुरू होने के कारण रेलवे ने राजधानी एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत 36 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदल दिए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, गरीबरथ एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस, दुर्गियाना एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, अरुणाचल एक्सप्रेस और अन्य प्रमुख ट्रेनों का संचालन अब प्लेटफॉर्म नंबर दो, तीन, पांच, छह और सात से किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म और संचालन संबंधी नवीनतम जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या स्टेशन पर लगे सूचना बोर्ड से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।









