ओ पी राजभर ने पढ़े जिन्ना की तारीफ में कसीदे

वाराणसी। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भारत विभाजन के लिये जिम्मेदार माने गये पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना का यशगान किया है।

राजभर ने बुधवार को यहां कहा कि जिन्ना को अगर देश का पहला प्रधानमंत्री बना दिया गया होता तो देश का बंटवारा ही नहीं होता। इतना ही नहीं राजभर ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को भी जिन्ना का प्रशंसक बता दिया। आगामी विधानसभा चुनाव के लिये राजभर ने हाल ही में सपा के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘जरा सोचिये अटल जी और आडवाणी जी भी जिन्ना के विचारों की प्रशंसा क्यों करते थे। इसीलिये मेरा मानना है कि जिन्ना को अगर देश का पहला प्रधानमंत्री बनाया गया होता तो देश का बंटवारा ही नहीं होता।’

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अखिलेश ने भी जिन्ना की तारीफ करते हुये कहा था कि स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार पटेल और पं नेहरू की तरह ही अहम भूमिका निभायी थी। विरोधी दलों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये नेताओं के जिन्ना प्रेम को चुनावी लाभ के लिये धार्मिक तुष्टीकरण की राजनीति का परिणाम बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button