ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर विपक्ष का प्रदर्शन जारी

SIR के विरोध में दिल्ली में तीसरे दिन भी जुटेगा विपक्ष, खड़गे ने सांसदों को लंच पर बुलाया; राजघाट जाने की तैयारी

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में विपक्ष का दिल्ली में प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहने वाला है। INDIA ब्लॉक के नेता लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन की तैयारी में हैं। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

खड़गे ने सांसदों को लंच पर बुलाया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों को कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर 1:45 बजे लंच पर बुलाया है। इससे पहले बुधवार को भी खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच रखा था। इसके बाद सांसद प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे।

बुधवार को पुलिस ने जंतर-मंतर से पहले ही विपक्षी नेताओं को रोक दिया था। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान करीब 91 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें कई सांसद और पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।

राहुल-प्रियंका के खिलाफ FIR

बुधवार के प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की गई और सरकारी काम में बाधा डाली गई। मामले में अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं।

इससे पहले 6 अक्टूबर को आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने से जुड़े घटनाक्रम को लेकर भी FIR दर्ज की गई थी। राहुल गांधी ने FIR पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं और वह इससे डरते नहीं हैं।

राजघाट जाएंगे कांग्रेस नेता

लंच के बाद कांग्रेस के नेताओं के राजघाट जाने और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने की तैयारी है। राजघाट के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है और बैरिकेडिंग की जा रही है।

विपक्ष का यह आंदोलन SIR को लेकर चुनावी प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर केंद्रित है। चुनाव आयोग और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।

मोएट्स रेस्टोरेंट के आसपास भारी सुरक्षा

कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। इलाके में कई बसें भी खड़ी की गई हैं। बुधवार को भी पुलिस ने विपक्षी सांसदों को बसों में बैठाकर हिरासत में लिया था।

विपक्ष की ओर से गुरुवार को भी प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा के बाद दिल्ली के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button